अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक, सुरक्षा में तैनात होंगे 300 पुलिस कर्मी

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक, सुरक्षा में तैनात होंगे 300 पुलिस कर्मी

शिमला/रामपुर, 12 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के आयोजन को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में रामपुर में मेला आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष ऐतिहासिक लवी मेले का आयोजन 11 से 14 नवंबर तक किया जाएगा। मेले में चार सांस्कृतिक संध्याएं होंगी, जिनमें दो पहाड़ी संस्कृति, एक बॉलीवुड और एक पंजाबी संगीत पर आधारित रहेगी।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला बुशहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत का प्रतीक है। मेले के माध्यम से पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प और विलुप्त होती सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ सभी आयु वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं, लेजर शो, पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन, पारंपरिक स्वाद महोत्सव, वॉल आर्ट तथा मिस्टर एवं मिस बुशहर प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियां आयोजित होंगी। बुशहर रियासत के इतिहास, पुराने छायाचित्रों, दस्तावेजों, हथकरघा, ऊनी उत्पादों, पारंपरिक आभूषणों और स्थानीय कृषि-बागवानी उत्पादों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

रामपुर हेरिटेज वॉक और पारंपरिक लवी बाजार विशेष आकर्षण रहेंगे।मेले के दौरान रामपुर शहर में विशेष लाइटिंग और सजावट की जाएगी। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष योजना तथा पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 300 पुलिस कर्मी तैनात होंगे।अश्व प्रदर्शनी में हिमाचल के प्रसिद्ध चामुर्थी घोड़े आकर्षण का केंद्र होंगे। घोड़ों की 400 और 800 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। किसान गोष्ठी में पशुपालकों को पशुओं की देखभाल और बेहतर पशुपालन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।इसके अतिरिक्त सरकारी विभागों की उपलब्धियों की प्रदर्शनियां, स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। बैठक में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!