नूरपुर पुलिस की कार्रवाई, इंदौरा में मकान से 13.3 ग्राम चिट्टा बरामद

नूरपुर पुलिस की कार्रवाई, इंदौरा में मकान से 13.3 ग्राम चिट्टा बरामद

डमटाल पुलिस और CIA विंग की संयुक्त टीम ने तोकी गांव में दी दबिश, 39 वर्षीय आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

नूरपुर/ कांगड़ा 12 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए इंदौरा तहसील के तोकी गांव में एक रिहायशी मकान से 13.3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना डमटाल और CIA विंग, पुलिस जिला नूरपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त के दौरान नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान रविवार को दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि राकेश कुमार उर्फ रोड़ा (39), पुत्र जीत राम, निवासी गांव तोकी, डाकघर छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, अपने रिहायशी मकान से ग्राहकों को हेरोइन (चिट्टा) बेचने का कथित कारोबार कर रहा है।सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के मकान पर दबिश दी। दोपहर करीब 12 बजकर 40 मिनट पर मकान की तलाशी ली गई। इस दौरान कमरे में रखे बेडबॉक्स के गद्दे के नीचे एक पारदर्शी पॉलीथिन पाउच मिला। पाउच की जांच करने पर उसमें हल्के भूरे और सफेद रंग का दानेदार पदार्थ पाया गया। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ के हेरोइन होने के सकारात्मक संकेत मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 13.3 ग्राम पाई गई।पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया और पुलिस थाना डमटाल में NDPS एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया।पुलिस अधीक्षका अल्मा अफरोज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!