जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप ने फागु ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप ने फागु ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की जांच की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

शिमला, 12 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागु स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंधों, अग्निशमन उपकरणों तथा प्रवेश और निकास रजिस्टर की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ करें।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। वेयरहाउस को खोलने और बंद करने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप ही पूरी की जाए तथा प्रत्येक गतिविधि का उचित रिकॉर्ड रखा जाए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को नियमित निगरानी बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना और व्यवस्थाओं की नियमित जांच करना आवश्यक है।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एसडीएम ठियोग डॉ. शशांक गुप्ता, तहसीलदार संजीव शर्मा, निर्वाचन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!