अम्ब में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर, 212 लोगों ने उठाया चिकित्सा सेवाओं का लाभ

अम्ब / ऊना 23 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अ
अम्ब / ऊना 23 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आमजन तक पहुंचाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को रामलीला मैदान अम्ब में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। आयुष विभाग की ओर से 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में 212 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर में श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने शिविर में उपलब्ध विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं पंचकर्म सेवाओं का अवलोकन किया तथा पारंपरिक उपचार पद्धतियों की जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने स्वयं शिरोधारा उपचार का अनुभव भी लिया।विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद रोगों की रोकथाम के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर भी जोर देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।एसडीएएमओ डॉ. राजेश ने बताया कि शिविर में शिरोधारा, जलौका द्वारा रक्तमोक्षण, अग्निकर्म तथा स्थानिक स्वेदन सहित विभिन्न आयुर्वेदिक एवं पंचकर्म उपचार सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान किया।शिविर के दौरान लोगों को आयुर्वेद के महत्व, संतुलित आहार-विहार, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने के सुझाव दिए।

इस अवसर पर एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण, बीडीओ ओम पाल, एसडीएएमओ डॉ. राजेश सहित आयुष विभाग के चिकित्सक, विशेषज्ञ और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।