ई-कॉमर्स, GeM और ODOP से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने हेतु मैहला कार्यशाला का आयोजन

मैहला/ चम्बा 01 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मैहला, जिला चंबा में स्थानीय सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य हितधारकों को आधुनिक बाजार व्यवस्था और डिजिटल व्यापार से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन विकास खंड अधिकारी (BDO) कार्यालय परिसर में किया गया, जिसमें ई-कॉमर्स, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विस्तार अधिकारी लाघवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से प्रिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के विभिन्न तरीकों से अवगत करवाया।
तकनीकी सत्र में सृष्टि ने ई-कॉमर्स रणनीति पर जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर स्थानीय उत्पादक अपने उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचा सकते हैं।

वहीं, अविनाश ने भारत सरकार के GeM पोर्टल की प्रक्रिया, पंजीकरण तथा सरकारी विभागों को सीधे उत्पाद एवं सेवाएं उपलब्ध करवाने के अवसरों के बारे में जानकारी साझा की।
अमित ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत चंबा जिले के पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों की ब्रांडिंग, वैल्यू एडिशन और बाजार विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। अश्विनी ने प्रतिस्पर्धी बाजार में सफलता के लिए गुणवत्ता नियंत्रण, ग्राहक आवश्यकताओं और व्यावसायिक स्थायित्व को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने डिजिटल व्यापार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी में विशेष रुचि दिखाई। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।