खज्जियार में जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान, डीसी ने दिलाया जनभागीदारी का संदेश

चंबा 01अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार में जिला स्तरीय जन स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल की उपस्थिति में हुआ, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा विशेष रूप से मौजूद रहे। अभियान में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान खज्जियार पर्यटन स्थल तथा आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता एवं कचरा संग्रहण अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने क्षेत्र में बिखरे प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थलों को बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें स्थानीय समुदाय, पर्यटकों और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने और खज्जियार की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जियार के विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास का वातावरण साफ रखने तथा स्वच्छता का संदेश परिवार और समुदाय तक पहुंचाने की अपील की।
अभियान के दौरान “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” और “एक घंटा, एक साथ, एक दिन” जैसे संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया।

अभियान में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायत खज्जियार, माय भारत स्वयंसेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पोषण अभियान की टीम ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा, बीडीओ चंबा महेश ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी धीरज कुमार, परियोजना अर्थशास्त्री विनोद मेहता, प्रधानाचार्य संदीप शर्मा, वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी प्रीतम सिंह, डीपीएम एनआरएलएम राकेश भाटिया, ग्राम पंचायत प्रधान चित्र रेखा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
