कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22.63 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों सहित युवती गिरफ्तार

कांगड़ा 20 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.63 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों सहित एक युवती को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को सीआईए कांगड़ा की टीम ने गुप्त सूचना एवं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलवाना फोरलेन रोड पर एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन संख्या HP68A-5783 की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को उसमें से 22.63 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद तीनों लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय तनिश निवासी योल कैंट, धर्मशाला, 28 वर्षीय विक्रम निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनाली तथा 25 वर्षीय शिवानी निवासी योल कैंट, धर्मशाला के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने आम जनता से भी नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे की आपूर्ति के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। मामले में आगामी जांच जारी है।