योग मानव विकास ट्रस्ट में एनएचपीसी अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित
योग, ध्यान और संतुलित जीवनशैली के माध्यम से तनावमुक्त रहने के सिखाए जा रहे गुर, देशभर से पहुंचे 25 अधिकारी एवं कर्मचारी

बनीखेत / चम्बा 19 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
योग मानव विकास ट्रस्ट के ‘अन्तर्निर्माण’ परिसर में एनएचपीसी (NHPC) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 18 से 20 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘आरोग्यम – योग और ध्यान के माध्यम से स्वास्थ्य एवं कल्याण’ विषय पर आधारित इस प्रशिक्षण शिविर में देशभर में स्थित एनएचपीसी के विभिन्न परियोजनाओं और कार्यालयों से आए 25 अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती किरण डोडेजा, निदेशक श्री एस.के. डोडेजा तथा उनकी विशेषज्ञ टीम के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण में एनएचपीसी के कॉर्पोरेट कार्यालय फरीदाबाद सहित सुबनसिरी, तीस्ता-5, टनकपुर, निमू बाजगो, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3 तथा क्षेत्रीय कार्यालय बनीखेत के प्रतिभागी शामिल हैं।

तीन दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए सुबह से रात तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक शांति के लिए विभिन्न योगासन, नाड़ी शोधन प्राणायाम और श्वसन तकनीकों का अभ्यास करवाया जा रहा है। वहीं, कार्यस्थल पर होने वाले तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए ध्यान एवं योगनिद्रा के विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को सात्विक एवं संतुलित आहार के महत्व, दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए एक्यूप्रेशर की उपयोगी तकनीकों की जानकारी भी दी जा रही है।

ट्रस्ट की अध्यक्षा किरण डोडेजा और निदेशक एस.के. डोडेजा ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यस्त कार्यशैली के बीच एनएचपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। शिविर में सभी प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग एवं ध्यान की विभिन्न विधाओं का लाभ उठा रहे हैं।