होली एकलव्य विद्यालय में 4.11 करोड़ से बने छात्रावास भवन का लोकार्पण

होली एकलव्य विद्यालय में 4.11 करोड़ से बने छात्रावास भवन का लोकार्पण

होली एकलव्य विद्यालय में 4.11 करोड़ से बने छात्रावास भवन का लोकार्पण

होली/ चंबा 26 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र होली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित छात्रावास भवन का विधिवत लोकार्पण किया। करीब 4 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस बहुमंजिला छात्रावास भवन में 60 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। भवन में कुल 10 कमरे बनाए गए हैं तथा प्रत्येक कमरे में छह विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था है।इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण प्रयास है। इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में प्रतिभा निखारने तथा सर्वांगीण विकास के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय होली के भवन का शेष निर्माण कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली हेलीपैड के लिए चिन्हित भूमि, जिसे एकलव्य विद्यालय के निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया था, उसे हेलीपैड के रूप में ही बनाए रखा जाएगा।मंत्री ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से चिट्टा सहित घातक नशों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने एकलव्य विद्यालय के लिए एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश के 60 विधानसभा क्षेत्रों के 150 स्कूलों में इस वर्ष से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 की प्राकृतिक आपदाओं से हिमाचल को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, बावजूद इसके मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बहाल करने, जनजीवन सामान्य करने तथा पुनर्वास एवं विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस महासचिव अमित भरमौरी, एडीएम विकास शर्मा, एसडीएम अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!