संघनी अग्निकांड: प्रभावित 14 परिवारों से मिले विधायक डीएस ठाकुर, फौरी राहत प्रदान की
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर घटनास्थल पहुंचे विधायक, करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान

डलहौजी / चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संघनी बाजार में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्थानीय विधायक डीएस ठाकुर ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। विधायक ने सभी 14 प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर आर्थिक सहायता राशि प्रदान की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।जानकारी के अनुसार संघनी बाजार में बीती रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बाजार की दुकानों सहित आसपास के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की भयावहता के चलते स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में चार दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित विभागों की ओर से किया जाना बाकी है।आग लगने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए। बताया जा रहा है कि अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता के कारण काफी नुकसान हुआ।

आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।विधायक डीएस ठाकुर ने घटनास्थल से ही पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से फोन पर संपर्क कर उन्हें संघनी अग्निकांड की जानकारी दी। उन्होंने प्रभावित परिवारों की स्थिति और मौके पर हुए नुकसान से भी उन्हें अवगत करवाया।विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को बिना किसी देरी के हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध करवाई जाए तथा उचित मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि यह अग्निकांड अत्यंत पीड़ादायक है और इससे प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे और पूरा संगठन प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा उनकी सहायता के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
