चम्बा में मध्यस्थता अभियान 3.0 शुरू, विवादों का आपसी सहमति से होगा समाधान

चम्बा में मध्यस्थता अभियान 3.0 शुरू, विवादों का आपसी सहमति से होगा समाधान

चम्बा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार मध्यस्थता अभियान 3.0 चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य विवादों का त्वरित, प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना तथा अनावश्यक मुकदमेबाजी को कम करना है।इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के सचिव श एकांश कपिल ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यस्थता के माध्यम से पक्षकार आपसी बातचीत, समझ और सहमति के आधार पर अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं। इससे लोगों को कम समय में न्याय मिलने के साथ-साथ समय और धन की भी बचत होती है।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लंबित एवं मुकदमा-पूर्व मामलों की पहचान कर उन्हें संबंधित मध्यस्थता केंद्रों में भेजा जाएगा, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं सामुदायिक मध्यस्थ समाधान में सहयोग करेंगे।

इसमें वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों, मोटर दुर्घटना दावा मामलों, घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों तथा अन्य मध्यस्थता योग्य विवादों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।अभियान को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों, बार एसोसिएशनों, पैनल अधिवक्ताओं, प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मध्यस्थता के लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा। मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक विवाद एवं घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों के लिए मुकदमा-पूर्व विधिक सहायता डेस्क और क्लीनिक को भी सुदृढ़ किया जाएगा।

सचिव एकांश कपिल ने बताया कि मध्यस्थता प्रक्रिया गोपनीयता, आपसी सहभागिता एवं सहमति पर आधारित होती है, जिससे पक्षकारों को परस्पर स्वीकार्य समाधान प्राप्त करने में मदद मिलती है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता एवं वादकारियों से अपील की है कि वे विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा अथवा संबंधित उपमंडलीय विधिक सेवा समिति से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!