बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत चम्बा में चलेगा 100 दिवसीय जागरूकता अभियान

चम्बा 17 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा देशभर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ चलाया जा रहा है। 21 अक्टूबर, 2026 से 21 जनवरी, 2027 तक संचालित होने वाले इस 100 दिवसीय अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा भी विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर रहा है।अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके कानूनी निषेध और रोकथाम के लिए उपलब्ध विधिक उपायों की जानकारी देना है। इसके तहत बच्चों, किशोर-किशोरियों, युवाओं, अभिभावकों और ग्रामीण समुदायों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। लोगों को बताया जा रहा है कि बाल विवाह कानूनन निषिद्ध है तथा इसके आयोजन, संपादन और प्रोत्साहन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs), शिक्षण संस्थानों और स्थानीय समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और इसकी रोकथाम के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा ने आमजन से अपील की है कि वे बाल विवाह के उन्मूलन में सक्रिय सहयोग दें, बच्चों की शिक्षा एवं अधिकारों को प्राथमिकता दें और बाल विवाह की किसी भी संभावित घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। प्राधिकरण ने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही बाल विवाह मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।
