चम्बा में 27 अक्टूबर से शुरू होंगे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के जागरूकता शिविर
बच्चों को बाल अधिकारों, ऑनलाइन सुरक्षा और शोषण की रोकथाम के प्रति किया जाएगा जागरूक

चम्बा, 26 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण , चम्बा की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ चलाया जा रहा है। यह अभियान 26 से 31 अक्टूबर, 2026 तक निर्धारित है। हालांकि, 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालयों में अवकाश होने के कारण जिला चम्बा के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता शिविर 27 अक्टूबर से आयोजित किए जाएंगे।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के सचिव एकांश कपिल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा बाल शोषण एवं अन्य प्रकार के उत्पीड़न की रोकथाम के प्रति जागरूक करना है। ‘जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण—हर बच्चे का अधिकार’ थीम के तहत आयोजित इस अभियान में बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।अभियान के अंतर्गत ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’, ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’, ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’, ‘बोलो, बताओ, बचाओ’, ‘ना बाल विवाह, ना बाल शोषण’ तथा ‘जागरूक बचपन, सशक्त भारत’ जैसे छह उप-विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।इन शिविरों में न्यायिक अधिकारियों और नामित संसाधन व्यक्तियों द्वारा जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन अपराधों से बचाव तथा शोषण की घटनाओं की शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम तथा उपलब्ध कानूनी सहायता एवं बाल संरक्षण सेवाओं के बारे में भी बताया जाएगा।सचिव एकांश कपिल ने बताया कि बच्चों को जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी जाएगी।अभियान का उद्देश्य विद्यालयों, परिवारों और समाज की सहभागिता से बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना है।