पीएम श्री स्कूल चम्बा में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधों का वितरण

चम्बा, 08 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चम्बा में मंगलवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाणि भूषण सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों और बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ उनके अनुशासन, विद्यालय की गतिविधियों और सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।विद्यालय की प्रधानाचार्या रचना ठाकुर ने बैठक का कुशल प्रबंधन करते हुए अभिभावकों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई से संबंधित उपलब्धियों, उनकी शैक्षणिक स्थिति, अनुशासन तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की प्रगति से अवगत करवाया तथा उनकी कमियों को दूर करने और प्रतिभाओं को निखारने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।अभिभावकों ने भी बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विद्यार्थियों की शिक्षा और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से जुड़े अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। उन्होंने शिक्षकों के साथ संवाद कर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आपसी सहयोग और समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पहल की गई। विद्यालय की ओर से बैठक में उपस्थित माताओं को एक-एक पौधा ‘माँ के नाम’ आवंटित किया गया। अभिभावकों को पौधों की उचित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।बैठक को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए प्रधानाचार्या, शिक्षक वर्ग और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
