सलूणी बीडीसी चुनावों में देरी पर बढ़ा जनाक्रोश, भाजयुमो का अल्टीमेटम,शनिवार तक चुनाव न हुए तो चक्का जाम

सलूणी बीडीसी चुनावों में देरी पर बढ़ा जनाक्रोश, भाजयुमो का अल्टीमेटम,शनिवार तक चुनाव न हुए तो चक्का जाम

सलूणी /चम्बा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

सलूणी विकास खंड में पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों में हो रही लगातार देरी को लेकर जनाक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है, वहीं राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) मंडल सलूणी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।गुरुवार को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष कृष्णा पंडित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी एसडीएम सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर से मुलाकात कर उपायुक्त चम्बा के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों को बिना किसी और देरी के तुरंत करवाया जाए।भाजयुमो ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि शनिवार तक चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें चक्का जाम और एसडीएम कार्यालय का घेराव शामिल होगा। संगठन ने चेताया कि इस स्थिति के लिए पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।भाजयुमो नेताओं कृष्णा पंडित और जिला सचिव अनिल कुमार ने संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि जिले के अन्य सभी विकास खंडों में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन सलूणी में इसे जानबूझकर लटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 25 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद चुनाव न होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ है।नेताओं ने यह भी आशंका जताई कि चुनावों में देरी से बीडीसी सदस्यों की खरीद-फरोख्त की संभावना बढ़ रही है और इसमें सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की बू आ रही है।भाजयुमो ने साफ किया कि यदि समय रहते चुनाव नहीं करवाए गए, तो यह आंदोलन व्यापक रूप लेगा और डलहौजी भाजपा भी इसमें सक्रिय रूप से शामिल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!