बाथरी बाजार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, खराब हैंडपंप और शौचालय न होने से लोग परेशान

बाथरी बाजार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, खराब हैंडपंप और शौचालय न होने से लोग परेशान

बाथरी/चम्बा 03 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चंबा के प्रमुख बाजारों में अपनी अलग पहचान रखने वाला बाथरी बाजार इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझता नजर आ रहा है। बाजार में आने वाले स्थानीय लोगों, व्यापारियों और खरीदारी करने वाले लोगों को कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार बाथरी मुख्य बाजार में बैंक के समीप लंबे समय से एक हैंडपंप खराब पड़ा हुआ है। हैंडपंप के खराब होने के कारण बाजार में आने वाले लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी तथा अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।वहीं, बाजार में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा न होने के कारण भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज के क्षेत्रों से बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए यह समस्या अधिक परेशानी का कारण बन रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई है।स्थानीय व्यापार मंडल द्वारा भी इन समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष मामला उठाया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में निराशा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा ग्राम पंचायत से मांग की है कि बाथरी बाजार में खराब पड़े हैंडपंप की जल्द मरम्मत करवाई जाए तथा सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि बाजार में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द समाधान सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!