भरमौर में खाई में गिरने से ऊना निवासी अध्यापक की दर्दनाक मौत, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

भरमौर में खाई में गिरने से ऊना निवासी अध्यापक की दर्दनाक मौत, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

जन्मदिन पर स्कूल के बच्चों को खिलाई थी खीर, जनवरी में घर आने वाला था नन्हा मेहमान; पत्नी और मासूम बेटी को छोड़ गए पीछे

भरमौर / चम्बा 18 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जनजातीय क्षेत्र भरमौर की रूणहकोठी पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में ऊना निवासी टीजीटी नॉन मेडिकल अध्यापक अमित कुमार की मौत हो गई। उनका शव बुधवार सुबह सड़क पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अमित कुमार पिछले करीब चार वर्षों से भरमौर क्षेत्र में अध्यापक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनकी असामयिक मौत से स्कूल परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।मृतक की पहचान अमित कुमार निवासी गांव हीरानगर, डाकघर अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह देर रात जन्मदिन की पार्टी के बाद गुरुकुल स्थित अपने ठिकाने की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अंधेरा होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।

गिरते हुए उनका शव नीचे सड़क तक पहुंच गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि हादसे से एक दिन पहले ही अमित कुमार का जन्मदिन था। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के बच्चों को खीर खिलाकर अपनी खुशियां साझा की थीं। मिलनसार स्वभाव के अमित विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।अमित कुमार अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी गर्भवती हैं और जनवरी में परिवार में दूसरे बच्चे का जन्म होने वाला था। परिवार नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।

आज बुधवार सुबह सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने शव देखकर स्थानीय प्रधान को सूचना दी। इसके बाद पुलिस थाना भरमौर को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!