राजकीय महाविद्यालय चम्बा में मनाया अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

चम्बा 21 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय महाविद्यालय चम्बा के शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की उप-प्रधानाचार्य प्रो. सपना बक्शी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. परनीता कुमारी गुरूदल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि प्रत्येक वर्ष 21 सितंबर को यह दिवस विश्वभर में शांति, अहिंसा, सह-अस्तित्व, आपसी सम्मान और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। विद्यार्थियों को बताया गया कि शांतिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए संवाद, सहिष्णुता, सहयोग, समानता और एक-दूसरे के अधिकारों का सम्मान आवश्यक है।इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के लिए भाषण, नारा लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष के सचिन ठाकुर ने प्रथम, रिया ने द्वितीय तथा बीए तृतीय वर्ष की अदिति शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

नारा लेखन प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की मुस्कान प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की अदिति चौहान द्वितीय और बीए प्रथम वर्ष के सुशांत तृतीय रहे।पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की अनिता ने प्रथम, बीए द्वितीय वर्ष की अक्षिता ने द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष की आयुषी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में डॉ. विदुषी और प्रो. निशा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।समापन अवसर पर प्रो. सपना बक्शी ने युवाओं से अहिंसा, सहिष्णुता, सहयोग, भाईचारे और पारस्परिक सम्मान की भावना को अपने व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण वाहक है। इसके बाद उन्होंने शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों को शांति की शपथ दिलाई।इस अवसर पर प्रो. पूनम, प्रो. सुमित, प्रो. निशा, डॉ. विदुषी सहित शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
