रेड रन मैराथन में 80 युवाओं ने लिया हिस्सा, एचआईवी/एड्स जागरूकता का दिया संदेश

रेड रन मैराथन में 80 युवाओं ने लिया हिस्सा, एचआईवी/एड्स जागरूकता का दिया संदेश

शिमला, 20 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला शिमला की ओर से युवा उत्सव गतिविधियों के अंतर्गत रविवार को जिला स्तरीय रेड रन मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे चौड़ा मैदान से शुरू हुई इस मैराथन में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 40 लड़के और 40 लड़कियां शामिल रहीं।मैराथन का शुभारंभ करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके बचाव और रोकथाम से संबंधित सही एवं आवश्यक जानकारी समाज तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।मैराथन में प्रतिभागियों ने चौड़ा मैदान से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, समरहिल तक दौड़ लगाई और वापस चौड़ा मैदान पहुंचकर दौड़ पूरी की।

आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।लड़कों की श्रेणी में राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, कोटशेरा, शिमला के विद्यार्थियों ने तीनों स्थान हासिल किए। जतिन ने प्रथम, देव ने द्वितीय और राम कृष्ण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।वहीं लड़कियों की श्रेणी में राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला की छात्राओं का प्रदर्शन सराहनीय रहा। अनामिका ने प्रथम, बिपाशा ने द्वितीय और कुसुम ने तृतीय स्थान हासिल किया।इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिमला डॉ. तहसीन भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से रेड रन मैराथन के माध्यम से एचआईवी/एड्स से बचाव और रोकथाम का जागरूकता संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!