लाहौल-स्पीति में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान 17.180 ग्राम चरस बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

लाहौल-स्पीति, 26 अक्तूबर चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला लाहौल-स्पीति पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर तांदी पेट्रोल पंप के समीप एक कार से 17.180 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाहौल-स्पीति पुलिस की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर तांदी पेट्रोल पंप के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने वहां से गुजर रही एक कार को जांच के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 17.180 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर कार में सवार चारों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसआई हेमंत कुमार ने किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अश्वनी राठौर, रूपेश कुमार, मुकेश कुमार और संदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस को अपने कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास चरस कहां से आई थी और वे इसे कहां ले जा रहे थे। इसके साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और संभावित संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।लाहौल-स्पीति पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।