20 हजार रुपये की रिश्वत लेते सदवां पुलिस चौकी प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस ने बिछाया था जाल

20 हजार रुपये की रिश्वत लेते सदवां पुलिस चौकी प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस ने बिछाया था जाल

कांगड़ा 18 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) धर्मशाला की टीम ने पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस चौकी सदवां के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भजन जरयाल के रूप में हुई है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार विजिलेंस धर्मशाला की टीम ने यह कार्रवाई गौरव सिंह नामक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर अमल में लाई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ दर्ज एक मामले में कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करने में मदद करने के बदले सब-इंस्पेक्टर भजन जरयाल उससे रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत के मुताबिक आरोपी अधिकारी ने शुरुआत में 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन बाद में बातचीत के दौरान यह सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस धर्मशाला की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले शिकायत का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। बुधवार को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया गया। इस दौरान जैसे ही सब-इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत की रकम स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।विजिलेंस ने आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में पुलिस थाना विजिलेंस धर्मशाला में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धर्मशाला (कांगड़ा) के अधीक्षक रमन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!