किन्नौर में 79वें हिमाचल दिवस पर कर्मचारियों को बड़ी सौगात, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के अहम ऐलान

शिमला 16 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जनजातीय जिला किन्नौर में बीते कल 79वें राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों, विशेषकर सरकारी कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बड़ी राहत प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के सम्मान और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 के बीच रिटायर हुए प्रथम श्रेणी के कर्मचारियों के लंबित बकाया का भुगतान मई 2026 तक कर दिया जाएगा। इसमें ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट जैसी महत्वपूर्ण देनदारियां शामिल हैं।

इस पर राज्य सरकार लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जिससे हजारों पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा।इसके साथ ही प्रशासनिक सुधार की दिशा में कदम उठाते हुए क्लास-1 और क्लास-2 अधिकारियों के वेतन में की गई 3 प्रतिशत कटौती को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। हालांकि, वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और शीर्ष अधिकारियों के वेतन पर 20 से 30 प्रतिशत तक की कटौती जारी रहेगी।अनुबंध और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने राहत भरे फैसले लिए हैं। 31 मार्च 2026 तक दो साल का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा, जबकि आउटसोर्स कर्मचारियों का न्यूनतम मासिक मानदेय बढ़ाकर 13,070 रुपये कर दिया गया है।करुणामूलक रोजगार नीति में भी संशोधन करते हुए आय सीमा को बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दिया गया है। अब तक 646 लोगों को इस आधार पर नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, 99,799 नए पेंशन मामलों को मंजूरी दी गई है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी स्पष्ट किया कि पुरानी पेंशन योजना आगे भी जारी रहेगी।