देशभक्त सरदार अजीत सिंह यादगार सभा की वार्षिक बैठक हुई सम्पन्न मेले की तैयारीयां लगभग मुक़म्मल

डलहौजी/ चम्बा 14 अगस्त मुकेश कुमार ( गोल्डी)
देशभक्त सरदार अजीत सिंह यादगार सभा पंचपुला डलहौजी की वार्षिक बैठक मंगलवार को होटल किंग्स में आयोजित हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिछले 36 वर्षों से आयोजित हो रहे पारंपरिक दंगल मेले को इस वर्ष भी हर्षोल्लास से मनाने का निर्णय लिया गया।सभा के महासचिव वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष भी युवा पहलवानों को बढ़ावा देने के लिए “उभरता सितारा” प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें आधार कार्ड आवश्यक दस्तावेज़ के रूप में प्रस्तुत करना होगा। इस प्रतियोगिता में विजेता को ₹4100 और उपविजेता को ₹3100 का नकद पुरस्कार मिलेगा। डलहौजी कुमार वर्ग में विजेता को ₹6100 तथा उपविजेता को ₹5100, डलहौजी केसरी वर्ग में विजेता को ₹8100 और उपविजेता को ₹7100 प्रदान किए जाएंगे। वहीं “दंगल शिरोमणि 2025” के विजेता को ₹12000 नकद व पीतल का गुर्ज, तथा उपविजेता को ₹10000 नकद ईनाम मिलेगा। राउंड आधार पर होने वाले इन अंतिम आठ मुकाबलों में कुल लगभग ₹60,000 की पुरस्कार राशि वितरित होगी।इस वर्ष भी डलहौजी हिलटॉप स्कूल के आला अधिकारी मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। सभा ने सभी पहलवानों से समय पर पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि दोपहर 2 बजे तक अखाड़ा स्थल पर मुकाबले शुरू हो सकें।कार्यक्रम से पूर्व सभा द्वारा शक्तिपीठ मां बनखंडी में ढोल-नगाड़ों के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी तथा शक्ति ध्वज पूजन के पश्चात पंचपुला समाधि स्थल पर कुश्तियां आयोजित होंगी।बैठक में पदाधिकारी सुभाष चौहान, रणजीत चौहान, राम सिंह चौहान, राकेश कुमार, भान सिंह चौहान, विपन कुमार और मुनीष ठाकुर ने भी विचार रखे और मेले के सफल आयोजन को लेकर चर्चा की। गौरतलब है कि यह मेला 1988 से शहीद-ए-आजम भगत सिंह के चाचा देशभक्त सरदार अजीत सिंह की स्मृति में आयोजित हो रहा है, जिसकी शुरुआत उनके परम मित्र डॉक्टर मोतीलाल गोस्वामी ने की थी।