शिमला में अंडर-21 एंटी चिट्टा इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन, चंबा में ट्रायल 23 मई को

शिमला में अंडर-21 एंटी चिट्टा इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन, चंबा (पुखरी) में ट्रायल 23 मई को

चम्बा 21 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

शिमला में अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव 2026 के अवसर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स काउंसिल शिमला, जिला प्रशासन शिमला तथा अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्म उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में “प्रथम एंटी चिट्टा इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैंपियनशिप (अंडर-21 बालक वर्ग)” का आयोजन 8 जून 2026 से 12 जून 2026 तक नगर निगम मैदान, संजौली (शिमला) में किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे। उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ मेडल दिए जाएंगे। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली प्रत्येक टीम को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट अटैकर, ब्लॉकर, सेटर और लिबरो के रूप में चुना जाएगा, जिन्हें 5-5 हजार रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।


प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए ठहरने और खाने की व्यवस्था के साथ यात्रा भत्ता भी आयोजन समिति द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं, जिला चंबा की टीम के चयन हेतु जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन 23 मई 2025 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुखरी में किया जाएगा। ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का जन्म 1 जनवरी 2005 या उसके बाद का होना अनिवार्य है।
इच्छुक खिलाड़ियों को ट्रायल के दिन अपने साथ आधार कार्ड, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र तथा बैंक खाते की पासबुक की छायाप्रति लानी होगी। ट्रायल सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। हालांकि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या किराया देय नहीं होगा।
यह प्रतियोगिता नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!