जनजातीय क्षेत्र भरमौर के दुर्गेठी स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त, दो युवकों के शव बरामद, एक अभी भी लापता

चम्बा 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर उपमंडल के दुर्गेठी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्विफ्ट कार सवार दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। हादसे के घायलों की पहचान माल सिंह पुत्र बलविंदर (उम्र 32 वर्ष) और बंटी पुत्र गुरजीत (उम्र 19 वर्ष), निवासी गांव खनूरी मंडी, तहसील मोनक, जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग लगातार खोज अभियान में जुटे हुए थे। हादसे में एक युवक का शव दुर्गेठी देवी मंदिर के पास दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के भीतर ही बरामद किया गया, जबकि दूसरे युवक का शव घटना स्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर घरवाला क्षेत्र में मिला। माना जा रहा है कि तेज बहाव और दुर्घटना की तीव्रता के कारण शव दूर तक बह गया।स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तीसरे लापता युवक की तलाश में नदी और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। हादसे के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा और नदी में जा समाया।बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। आवश्यक चिकित्सीय औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवार और स्थानीय समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।