उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता

चंबा, 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंबा के ऐतिहासिक चौगान में जिला स्तरीय समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में जिला पुलिस, वन विभाग, गृहरक्षक, एनसीसी, एनएसएस और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियां शामिल रहीं, जिसका नेतृत्व सहायक उप पुलिस निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने किया।

मंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर सैनिकों और राष्ट्र निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर है। आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज में राहत राशि 25 गुना तक बढ़ाना मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण है।चंबा जिले में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जनवरी 2023 से लोक निर्माण विभाग ने 553 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया है, जिसमें 167 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण और 175 किलोमीटर सड़कों का पक्का होना शामिल है।

नाबार्ड के तहत 52 योजनाओं पर 239 करोड़ रुपये व्यय हो रहे हैं, जबकि एडीबी और एनडीबी के तहत 100 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाएं प्रगति पर हैं।स्वास्थ्य क्षेत्र में, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सरोल के दूसरे चरण के भवन निर्माण के लिए 194 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

समारोह में शैक्षणिक संस्थानों व सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण पराशर, हामिद खान सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, डॉ. हंसराज, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, ललित ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल और पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!