शिव शक्ति यूथ क्लब अध्यक्ष प्रवीण टंडन ने 500 तिरंगे वितरित कर दिया एकता व देशभक्ति का संदेश

डलहौजी/चम्बा 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर शिव शक्ति यूथ क्लब डलहौजी के अध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रवीण टंडन ने अपनी गृह पंचायत ओसल के सभी वार्डों में लगभग 500 राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

प्रवीण टंडन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर घर में तिरंगा लहराने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना, उनमें राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व सिर्फ उत्सव का अवसर नहीं बल्कि एकजुटता और देशभक्ति की भावना को जागृत करने का भी समय है।उन्होंने अपने संदेश में कहा कि हमें बिना किसी धर्म या जाति के भेदभाव के, एक-दूसरे को बांटने की कोशिशों से बचते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखना चाहिए। देश की प्रगति और सुरक्षा के लिए आपसी सद्भाव आवश्यक है।युवाओं को संबोधित करते हुए प्रवीण टंडन ने कहा कि जब राष्ट्र को हमारी आवश्यकता हो, तब हमें अपने देश के लिए हर संभव त्याग करने के लिए तत्पर रहना चाहिए।

“राष्ट्र है तो हम हैं” की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में बसनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सच्ची देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं बल्कि कर्मों में झलकनी चाहिए।इस अवसर पर ओसल पंचायत में तिरंगा वितरण कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रवीण टंडन और उनकी टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में जागरूकता और देश के प्रति प्रेम को बढ़ावा देते हैं।
