जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर हुई विस्तार पूर्वक चर्चा

चंबा, 19 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में आज राष्ट्रीय टीवी उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्कूल हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम की जिला स्तरीय टास्क फोर्स मीटिंग का आयोजन जिलाधीश कार्यालय के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधीश चंबा श्री मुकेश रेस्पपाल ने की, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत कर विस्तृत जानकारी साझा की।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत भारत ने वर्ष 2015 से 2023 तक मृत्यु दर को 32 से घटाकर 23 तक लाने में सफलता प्राप्त की है। जिले में चलाए गए 100 दिवसीय टीवी अभियान के अंतर्गत 28 पंचायतों को टीवी मुक्त घोषित किया जा चुका है। इस दौरान 1,17,852 संवेदनशील जनसंख्या में से 82,469 लोगों की जांच की गई।राष्ट्रीय मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए सीएमओ ने बताया कि जिले में पिछले पांच वर्षों से एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है।

इसके बावजूद विभाग द्वारा सभी अस्पतालों को सक्रिय एवं निष्क्रिय स्लाइड परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मलेरिया को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।बैठक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीएमओ ने बताया कि 21 अगस्त को 6 माह से 2 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली और 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं निजी स्कूलों, आईटीआई तथा वोकेशनल संस्थानों में दी जाएगी। इसके अलावा 9 माह से ऊपर के बच्चों को 1 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट विटामिन-ए तथा 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 2 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट विटामिन-ए प्रदान की जाएगी, ताकि बच्चों में रतौंधी जैसी बीमारियों को रोका जा सके।

यदि कोई बच्चा 21 अगस्त को अनुपस्थित रहता है तो उसे यह दवा 28 अगस्त को दी जाएगी।आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्कूल हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम पर भी प्रस्तुति दी गई। जिलाधीश श्री मुकेश रेस्पपाल ने स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विभाग उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देकर इन्हें सफल बनाएं।
