केंद्रीय अंतर मंत्रालयी टीम ने लिया जिला चंबा में आपदा का विस्तृत जायजा, 434 करोड़ रुपये से अधिक की हुई क्षति

केंद्रीय अंतर मंत्रालयी टीम ने लिया जिला चंबा में आपदा का विस्तृत जायजा, 434 करोड़ रुपये से अधिक की हुई क्षति

चंबा, 8 सितंबर मुकेश कुमार(गोल्डी)

भारी वर्षा के कारण जिला चंबा में व्यापक पैमाने पर हुई क्षति का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने आज जिले का दौरा किया। टीम ने जिला के विभिन्न उपमंडलों में जाकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और नुकसान का विस्तृत आकलन किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।दोपहर बाद केंद्रीय टीम ने उपायुक्त कार्यालय चंबा में जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।

इस बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, शहरी विकास विभाग सहित अन्य विभागों की आपदा प्रभावित योजनाओं को हुए नुकसान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने केंद्रीय टीम का स्वागत करते हुए उन्हें जिला में हुए नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी दी।उपायुक्त ने बताया कि जिले में भारी वर्षा के कारण कुल 434.32 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें प्रमुख रूप से लोनिवि विभाग को 244.61 करोड़ रुपए, जल शक्ति विभाग को 125.86 करोड़ रुपए, कृषि व बागवानी विभाग को 20.86 करोड़ रुपए, एचपीएसईसीएल को 6.54 करोड़ रुपए, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को 12.65 करोड़ रुपए, उच्च शिक्षा विभाग को 2.56 करोड़ रुपए, प्राथमिक शिक्षा विभाग को 55.95 लाख रुपए, मत्स्य पालन विभाग को 34.21 लाख रुपए, वन विभाग को 1.41 करोड़ रुपए और स्वास्थ्य विभाग को 87 लाख रुपए की क्षति हुई है।

साथ ही, नगर परिषद चंबा में 4.5 करोड़ और नगर परिषद डलहौजी में 3.40 करोड़ रुपए की भी हानि हुई। कुल 8608 मकान और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हुए, जिनका अनुमानित नुकसान 189.30 करोड़ रुपए बताया गया।केंद्रीय टीम के अधिकारी व्यय मंत्रालय के उप सचिव कमलदीप वी पटेल और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी दीप शेखर सिंघल ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को आश्वस्त किया कि क्षति की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र केंद्रीय सरकार के संबंधित विभागों में प्रस्तुत की जाएगी, ताकि जल्द से जल्द राहत की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने मनरेगा में मजदूरों के मैन डेज बढ़ाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजने का भी निर्देश दिया।

साथ ही, आपदा रोकथाम के लिए और अधिक सतर्कता अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एसडीएम प्रियांशु खाती, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दिवाकर सिंह पठानिया, जल शक्ति विभाग राजेश मोंगरा, एचपीएसईबीएल राजीव ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विपिन ठाकुर, डीएफओ कृतज्ञ कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!