चम्बा के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, जांच के लिए सर्च अभियान तेज

चम्बा, 9 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी )
पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा को लेकर एक गंभीर सुरक्षा खतरा उत्पन्न हुआ है। आज सुबह अज्ञात स्रोत से ईमेल के माध्यम से धमकी प्राप्त हुई, जिसमें कॉलेज को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। यह सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और उच्च स्तरीय सतर्कता बरती जा रही है।एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्राप्त धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज परिसर को तत्काल खाली करवा कर सुरक्षाबलों के साथ मिलकर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया है। सभी स्टाफ, छात्र और मेडिकल कॉलेज में कार्यरत अन्य कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।एसपी ने बताया कि धमकी ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुई है, जिसकी जांच करने के लिए साइबर सेल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है।

साथ ही, बम निरोधक दस्ते, तथा खोजी कुत्ता दस्ता को भी मौके पर बुलाया गया है, जो पूरी तरह से परिसर में संभावित विस्फोटक पदार्थ की खोज में जुटा है। फिलहाल, मेडिकल कॉलेज की सभी प्रवेश और निकासी मार्गों को सील कर दिया गया है । पुलिस अधिकारी अभिषेक यादव ने कहा कि हर सम्भव पहलू पर गौर किया जा रहा है और साइबर ट्रेल को भी पूरी तरह से ट्रेस किया जा रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि फिलहाल किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।

आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है और हर अपडेट समय-समय पर साझा किया जाएगा। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल भी मौके पर पहुंच चुके हैं और सारे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।