राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चम्बा में मिशन शक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चम्बा में मिशन शक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन

चम्बा 11 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

महिला एवं बाल विकास विभाग चम्बा द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश राय के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति के अंतर्गत बीते कल बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चम्बा में किशोर किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मदन गुलेरिया की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों द्वारा किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को एनीमिया, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए जागरूक बनाना है।

उन्होंने मिशन शक्ति को महिलाओं को सुरक्षित, संरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की एक दूरदर्शी योजना करार दिया। विकास शर्मा, जिला समन्वयक पोषण अभियान ने किशोरियों को पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारी दी, जबकि कपिल शर्मा, जिला समन्वयक चाइल्ड लाइन ने बाल विवाह और बाल मजदूरी के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी एवं 1098 हेल्पलाइन से अवगत कराया।डॉ. करन हितैषी, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य विभाग ने अनीमिया की समस्या और उसके समाधान के साथ-साथ संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।

आयुष विभाग के डॉ. कुलविंदर संधू ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं संतुलित आहार से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए सही उपाय समझाए।अंत में प्राचार्य डॉ. गुलेरिया ने महिला एवं बाल विकास विभाग का धन्यवाद किया और ऐसे अभियान समय-समय पर आयोजित करने का आग्रह किया, जिससे छात्र-छात्राओं को आवश्यक जानकारी मिलती रहे। शिविर में विभाग की अरुण, अपराजिता, शिवालिका व मुस्कान टीम के सदस्य, महाविद्यालय के समस्त शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!