लवी मेले के ऐतिहासिक महत्व को बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता :- उपायुक्त अनुपम कश्यप

शिमला, 23 अक्तूबर, चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपायुक्त शिमला एवं लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला, रामपुर का ऐतिहासिक और व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मेला है और इसके महत्व को और बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पारंपरिक रूप से एक व्यापार मेला है और इसके स्वरूप को उसी दिशा में सशक्त किया जाएगा।रामपुर में मेला आयोजन संबंधी बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी स्टाल्स का आवंटन समय पर किया जाए ताकि मेला प्रारंभ से ही पूर्ण रूप से सक्रिय दिखे। उन्होंने मेले में खाद्य पदार्थों और अन्य वस्तुओं की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि अश्व प्रदर्शनी का आयोजन 1 से 3 नवंबर तक किया जाएगा, जिसमें पड़ोसी राज्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

इस दौरान पशुपालन विभाग द्वारा एक कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने झूलों की रोजाना जांच हेतु समिति गठित करने के निर्देश दिए ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी और बाल आश्रम सराहन के बच्चों को भी मेला दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। मेला अवधि में कबड्डी, बॉक्सिंग, बैडमिंटन और मिनी मैराथन जैसी खेल गतिविधियाँ भी आयोजित होंगी।

उपायुक्त ने यातायात सुगम बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से लावारिस वाहनों को हटाने, प्रकाश व्यवस्था सुधारने और पीने के पानी की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर विधायक एवं 7वां वित्त आयोग अध्यक्ष नंद लाल ने विभागीय प्रदर्शनी को बेहतर और शिक्षाप्रद बनाने पर बल दिया। बैठक में एसडीएम हर्ष अमरेन्द्र सिंह, डीएसपी नरेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।