एचआरटीसी बस चालक से मारपीट, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चम्बा की उपतहसील साहो में कीड़ी बस स्टॉप पर हुई घटना, चालक की वर्दी फटी

चम्बा, 23 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चम्बा की उपतहसील साहो में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के एक बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कीड़ी बस स्टॉप पर एक यात्री ने चालक को बस से खींचकर पीटा और उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने चालक की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।परिवहन निगम में बतौर चालक तैनात पवन कुमार पुत्र बृज लाल निवासी गांव साहो ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि बीते कल वह चम्बा–लग्गा रूट पर ड्यूटी पर था। दोपहर करीब अढ़ाई बजे जब बस संगेरा पहुंची, तो एक यात्री ने चालक से बहसबाजी शुरू कर दी और कॉलर पकड़ लिया। इस पर चालक ने बस रोकी और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। यात्री बस की पिछली सीट पर जाकर बैठ गया और कीड़ी बस स्टॉप पर उतर गया।पीड़ित चालक ने बताया कि जब वह लग्गा से वापसी पर करीब साढ़े चार बजे कीड़ी बस स्टॉप पर पहुंचा, तो वही व्यक्ति बस के आगे खड़ा हो गया और रास्ता रोक लिया। उसने गाली-गलौच करते हुए चालक को कॉलर से पकड़कर बस से नीचे खींचा और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चालक की वर्दी फट गई और उसकी अंगुली, गर्दन व कंधे पर चोटें आईं।बस परिचालक भिंद्र कुमार और एक अन्य व्यक्ति ने बीच-बचाव कर चालक को बचाया।घटना की पुष्टि करते हुए सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि चालक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।