हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला चंबा की आम सभा 22 फरवरी को होगी आयोजित

हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला चंबा की आम सभा 22 फरवरी को होगी आयोजित

चम्बा 17 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला चंबा की आम सभा का आयोजन 22 फरवरी, रविवार को प्रातः 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय, चंबा में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष दीप सिंह खन्ना करेंगे। आम सभा को लेकर जिले भर के प्रवक्ता शिक्षकों में उत्साह देखा जा रहा है।संघ के महासचिव राजेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि आम सभा में वर्तमान समय से जुड़े ज्वलंत शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि बदलते शैक्षणिक परिदृश्य में शिक्षकों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों पर मंथन किया जाएगा, ताकि उनके समाधान के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की जा सके।आम सभा में विशेष रूप से सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों से संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस प्रक्रिया से प्रभावित होने वाले शिक्षकों की कठिनाइयों, कार्यभार, स्थानांतरण, सेवा शर्तों तथा भविष्य की संभावनाओं को लेकर चर्चा प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त एस.एम.सी. अध्यापकों से जुड़ी समस्याओं, उनके मानदेय, सेवाकाल की सुरक्षा और अन्य मांगों को भी सभा के एजेंडे में शामिल किया गया है।महासचिव ने बताया कि कैडर से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, पदोन्नति, रिक्त पदों की स्थिति तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार जैसे मुद्दों पर भी शिक्षकों की राय ली जाएगी। उन्होंने जिले के सभी प्रवक्ता साथियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आम सभा में भाग लें और अपने सुझावों के माध्यम से संघ को सशक्त बनाने में सहयोग करें।इस संबंध में जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी आशीष ठाकुर द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि आम सभा से महत्वपूर्ण निर्णय निकलने की उम्मीद है, जो जिले के प्रवक्ता शिक्षकों के हित में सहायक सिद्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!