बनीखेत का सार्वजनिक शौचालय बना नशेड़ियों का अड्डा, स्वच्छ भारत अभियान पर उठे सवाल

डलहौजी/ चम्बा 15 मई मुकेश कुमार( गोल्डी)
नगर पंचायत बनीखेत के मुख्य बाजार में “स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत” अभियान के तहत लाखों रुपए की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय एवं स्नानागार अब अपनी मूल उपयोगिता से भटककर अव्यवस्था और अनदेखी का प्रतीक बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह शौचालय दिन-रात शराबियों और नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है, जहां लोग शौचालय का बहाना बनाकर नशा करते हैं और फिर बाहर आकर उत्पात मचाते हैं।इस स्थिति से बाजार के व्यापारी और आम नागरिक खासे परेशान हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में यह एकमात्र सार्वजनिक शौचालय है, लेकिन इसकी बदहाल स्थिति और असामाजिक गतिविधियों के कारण इसका उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।बताया जा रहा है कि इस शौचालय और स्नानागार का रखरखाव इंटरनेशनल शौचालय सर्विस ऑर्गेनाइजेशन, चंडीगढ़ के जिम्मे है, लेकिन बीते लंबे समय से संस्था द्वारा सफाई और प्रबंधन में लापरवाही बरती जा रही है। इससे स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा।

उन्होंने प्रशासन से जल्द सख्त कदम उठाने की मांग की है।वहीं, इस संबंध में जब उपमंडल अधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है और जल्द ही संबंधित विभाग से चर्चा कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।