उपमण्डल तीसा के गांव खुशनगरी में युवक पर जानलेवा हमला, चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

तीसा / चुराह 17 फरवरी दिलीप सिंह ठाकुर
उपमण्डल तीसा के गांव खुशनगरी में शराब के नशे में धुत चार युवकों द्वारा एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों की सहायता से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशनगरी निवासी युवक का आरोपियों के साथ किसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि यह कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि चारों युवक शराब के नशे में थे और उन्होंने मिलकर पीड़ित पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घायल युवक का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीसा थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आरोपियों की पहचान कर ली है और उनसे पूछताछ की जा रही है।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच पूरी की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।