सिविल अस्पताल तीसा का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

तीसा/चुराह 17 फरवरी दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा जिला के सिविल अस्पताल तीसा में आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी तीसा को चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सिविल अस्पताल तीसा में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही ओपीडी सेवाएं, आपातकालीन उपचार व्यवस्था तथा दवा वितरण प्रणाली की बारीकी से समीक्षा की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डीवीडीएमएस (ड्रग्स व वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से दवाइयों की उपलब्धता की जांच की और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आवश्यक दवाएं हर समय पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।इसके अतिरिक्त, उन्होंने अस्पताल की लैब में उपलब्ध उपकरणों के रखरखाव, परीक्षणों की गुणवत्ता, स्टाफ की समय पर उपस्थिति, वार्डों की साफ-सफाई तथा शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। डॉ. भारद्वाज ने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि साफ-सुथरा वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायक होता है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने, समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के त्वरित निवारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए सिविल अस्पताल तीसा एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, इसलिए यहां उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि पूरी भी उपस्थित रहे।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं से अवगत कराया। निरीक्षण के अंत में डॉ. भारद्वाज ने अपेक्षा जताई कि दिए गए निर्देशों के अनुरूप शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।