होली घाटी के सलूण गांव के सात आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को विधायक डॉ. जनक राज की पहल

भरमौर/पांगी 13 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने होली घाटी के सलूण गांव में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए सराहनीय पहल की है। विधायक के प्रयासों से एक गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) के माध्यम से सात प्रभावित परिवारों को घरों के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। हाल ही में आई आपदा में सलूण गांव के कई परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे और कुछ परिवारों का आशियाना पूरी तरह बह गया था, जिससे वे बेघर हो गए थे।जानकारी के अनुसार, विधायक डॉ. जनक राज के विशेष प्रयासों से इन सात परिवारों को अब घर बनाने के लिए जरूरी निर्माण सामग्री मुहैया करवाई गई है, ताकि वे जल्द से जल्द अपने आशियाने का पुनर्निर्माण कर सकें और सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

इसके साथ ही इन परिवारों के लिए मजदूरी का मानदेय पहले ही उनके बैंक खातों में जमा करवा दिया गया था, जिससे निर्माण कार्य के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।उल्लेखनीय है कि जब होली घाटी के सलूण गांव में प्राकृतिक आपदा आई थी, उस समय भी विधायक डॉ. जनक राज स्वयं मौके पर पहुंचे थे और प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया था। उस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी आर्थिक सहायता प्रदान की थी और राहत सामग्री वितरित कर पीड़ित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाई थी।विधायक ने प्रभावित परिवारों के नुकसान का विभागीय स्तर पर आंकलन भी करवाया और प्रशासन को निर्देश देकर सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया को भी तेज किया। उनकी सक्रिय पहल के चलते प्रशासनिक स्तर पर भी राहत कार्यों को गति मिली और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध करवाई गई।स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक की इस पहल को आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

लोगों का कहना है कि कठिन समय में जनप्रतिनिधि की इस तरह की संवेदनशील पहल से प्रभावित परिवारों को न केवल आर्थिक सहारा मिला है, बल्कि उन्हें नए सिरे से जीवन शुरू करने का हौसला भी मिला है।विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करना उनकी प्राथमिकता है और पुनर्वास कार्यों में हर स्तर पर सहयोग जारी रखा जाएगा।