आईटीआई शाहपुर में 10 करोड़ से बनेगा आधुनिक कार्यशाला भवन, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

आईटीआई शाहपुर में 10 करोड़ से बनेगा आधुनिक कार्यशाला भवन, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

कांगडा 17 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

शाहपुर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने संस्थान में 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित ड्राफ्ट्समैन व्यवसाय के कौशल प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यशाला भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि आईटीआई शाहपुर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से एक नया अत्याधुनिक कार्यशाला भवन भी जल्द बनाया जाएगा।

अपने संबोधन में विधायक ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आईटीआई शाहपुर के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मशीनरी उन्नयन, नवाचार और अन्य विकास कार्यों पर अब तक लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में ही यह संभव हो पाया है।उन्होंने जानकारी दी कि आगामी शैक्षणिक सत्र से आईटीआई शाहपुर में डेयरी टेक्नोलॉजी कोर्स भी शुरू किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

इसके अलावा आईटीआई आईएमसी के माध्यम से हाईवे किनारे 20 दुकानों के निर्माण की योजना भी जल्द पूरी की जाएगी, जिससे संस्थान की आय बढ़ेगी और छात्रों को व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।विधायक ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कुछ लोग विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।इस मौके पर उन्होंने नगर पंचायत शाहपुर के लिए 23.50 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई दो कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा 25 नल-जल कर्मियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आईटीआई स्टाफ, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!