डलहौजी सिविल अस्पताल को मिली आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल

डलहौजी/चम्बा 18 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि सिविल अस्पताल डलहौजी को एक अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन प्राप्त हुई है। यह मशीन चमेरा पावर स्टेशन-1 (CPS-1) के परियोजना प्रमुख श्री एस.पी. राठौड़, ग्रुप महाप्रबंधक (जीजीएम) खैरी द्वारा जनहित में भेंट स्वरूप प्रदान की गई है। मशीन को औपचारिक रूप से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा गया।डॉ. भारद्वाज ने बताया कि इस आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन के उपलब्ध होने से सिविल अस्पताल डलहौजी में मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, आपातकालीन मरीजों तथा अन्य जांचों के लिए यह मशीन अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

अब स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत भी होगी।उन्होंने कहा कि अब तक क्षेत्र के लोगों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए बाहर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता था। लेकिन इस नई मशीन के स्थापित होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और लोगों को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने CPS-1 प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सहयोग स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं और संगठन जनहित में आगे आकर स्वास्थ्य क्षेत्र को सहयोग देते रहेंगे।उन्होंने यह भी बताया कि मशीन को शीघ्र ही सिविल अस्पताल डलहौजी में स्थापित कर आम जनता को इसकी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।