डलहौजी में उद्घाटन पट्टिकाओं पर विवाद, विधायक डी.एस. ठाकुर ने जताई आपत्ति

डलहौजी में उद्घाटन पट्टिकाओं पर विवाद, विधायक डी.एस. ठाकुर ने जताई आपत्ति
डलहोजी/ चम्बा 19 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के दौरे के दौरान आयोजित उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डी.एस. ठाकुर ने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान दो योजनाओं का उद्घाटन तथा एक का शिलान्यास किया गया। हालांकि, इन सभी योजनाओं की उद्घाटन पट्टिकाओं में स्थानीय विधायक का नाम अंकित नहीं था, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। विशेष बात यह रही कि विधायक स्वयं कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे, बावजूद इसके उनका नाम न होने को उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध बताया।विधायक डी.एस. ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिन योजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें से अधिकांश योजनाएं पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत और प्रारंभ की गई थीं। उनका कहना है कि वर्तमान सरकार इन योजनाओं का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविक कार्य पहले ही शुरू हो चुका था। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया।

अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति केंद्र सरकार द्वारा दी गई थी, लेकिन राज्य सरकार इन्हें अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इसे विधानसभा में उठाया जाएगा और संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका मानना है कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है और जनप्रतिनिधियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला कदम है।वहीं, इस विवाद के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है और आगे इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।