नेशनल हाईवे की बदहाली ने ली एक और गाड़ी की बलि, लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग तेज

भरमौर/ चम्बा 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
पठानकोट–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग की खस्ताहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा में है। खराब सड़क की वजह से एक और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे वाहन मालिक को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। इस घटना ने न केवल सड़क की बदहाल स्थिति को उजागर किया है, बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैहला क्षेत्र के निवासी सुधीर कुमार की गाड़ी लूना पुल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सड़क पर गहरे गड्ढों और उखड़े हुए हिस्सों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में इंजन सहित कई महत्वपूर्ण हिस्से पूरी तरह खराब हो गए।

अनुमानित रूप से वाहन मालिक को करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।इसके अलावा, क्षतिग्रस्त वाहन को मरम्मत के लिए पठानकोट तक पहुंचाने में भी सुधीर कुमार को 20 से 25 हजार रुपये तक का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ा। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मुआवजे की मांग की है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सड़क की खराब स्थिति के कारण किसी वाहन को नुकसान होता है, तो संबंधित विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि वह उचित रखरखाव सुनिश्चित करे। नागरिकों को अपने अधिकारों के तहत संबंधित विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने और सबूतों के आधार पर मुआवजा मांगने का पूरा हक है।गौरतलब है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर यात्रा करना अब जोखिम भरा हो गया है और प्रशासन को जल्द से जल्द इसकी मरम्मत करानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।