प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मैहला में जिला स्तरीय विश्व मलेरिया दिवस 2026 का आयोजन

चंबा 25 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा आज जिला स्तरीय विश्व मलेरिया दिवस 2026 का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मैहला में किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य खंड चूड़ी के अंतर्गत कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को मलेरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन पूर्णतः रोके जा सकने वाली बीमारी है, जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलती है।डॉ. भारद्वाज ने बताया कि मलेरिया के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी और अत्यधिक कमजोरी शामिल हैं। समय पर उपचार न मिलने पर यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है, इसलिए लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाना आवश्यक है।जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने अपने संबोधन में बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई अत्यंत जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें, पानी की टंकियों को ढककर रखें और पुराने टायरों में पानी न ठहरने दें।

इसके अलावा मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी, पूरी बाजू के कपड़े तथा एंटी-मच्छर क्रीम के उपयोग की सलाह भी दी।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव राज और बीसीसी कोऑर्डिनेटर दीपक जोशी भी उपस्थित रहे।