पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में पोषण जागरूकता अभियान आयोजित

डलहौजी/चम्बा 06 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में बीते दिन वायुसेना डलहौज़ी के सहयोग से बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के संसाधन कक्ष में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं वायुसेना के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या करमजीत कौर द्वारा अतिथियों के गर्मजोशी से स्वागत के साथ हुई। उन्होंने वायुसेना डलहौज़ी की टीम का स्वागत-कार्ड भेंट कर अभिनंदन किया और इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर वायुसेना डलहौज़ी की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधुरी गिरिधर ने बच्चों को संतुलित आहार और पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को जंक फूड से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए पौष्टिक भोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों को अपनी आयु और आवश्यकता के अनुसार ही भोजन ग्रहण करना चाहिए तथा भोजन करते समय ध्यानपूर्वक खाना चाहिए और बातचीत से बचना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता के साथ सवाल-जवाब किए और पोषण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। इस संवादात्मक सत्र ने बच्चों के ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि की और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का मंच संचालन इमराना द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या करमजीत कौर ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।इस मौके पर नितिन सागर, धर्मेन्द्र, शोभा वर्मा, सुनील कुमार, राजेश खंडवाल, शालिनी एवं सुषमा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने सभी प्रतिभागियों के ज्ञान और जागरूकता में सकारात्मक वृद्धि की।