सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहू का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहू का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

चम्बा 06 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने अचानक सायंकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहू का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के इंडोर वार्ड का दौरा कर भर्ती मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. भारद्वाज ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार, देखभाल, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाइयां और उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें तथा किसी भी परिस्थिति में मरीजों को असुविधा का सामना न करना पड़े।डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में इंडोर वार्ड की सुविधा उपलब्ध है, उनका चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जाएगा।

इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर उपचार, स्वच्छ वातावरण और बेहतर देखभाल प्रदान करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!