अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026, चंबा में तैयारियों को लेकर बैठक, 26 जुलाई से 2 अगस्त तक होगा आयोजन

चम्बा 08 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मिंजर मेला-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।उपायुक्त ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मिंजर मेला चंबा जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने इस ऐतिहासिक मेले के मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और गंभीरता से करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस वर्ष मेला परंपरानुसार 26 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चौगान नंबर-1 में आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों को लेकर रूपरेखा तय की गई।इसके अलावा बैठक में मेले के दौरान आय-व्यय का प्रबंधन, निमंत्रण पत्र एवं स्मारिका प्रकाशन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, चौगान मैदान की साफ-सफाई व मरम्मत, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही मिंजर मेला-2026 की थीम निर्धारण तथा कला केंद्र और मंजरी गार्डन में आवश्यक सुधार कार्यों पर भी चर्चा हुई।बैठक में अमित मेहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, जिला भाषा अधिकारी तुकेश कुमार, विधि अधिकारी शरीफ शाह और पुलिस विभाग के निरीक्षक संत राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन का लक्ष्य है कि मिंजर मेला-2026 को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाए, ताकि यह आयोजन अपनी ऐतिहासिक गरिमा को बरकरार रखते हुए देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर सके।