शहरी निकाय चुनाव-2026: चम्बा में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच संपन्न, सुरक्षा के बीच होगी मशीनों की तैनाती

चम्बा, 08 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
शहरी निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच सफलतापूर्वक संपन्न कर ली है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अमित मैहरा ने बताया कि यह प्रक्रिया उपायुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित की गई।उन्होंने बताया कि ईवीएम की तकनीकी जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के विशेषज्ञ अभियंताओं द्वारा की गई। इस दौरान मशीनों की कार्यक्षमता, सटीकता और विश्वसनीयता को परखा गया, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।जांच प्रक्रिया के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई थी।

इससे न केवल प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रही, बल्कि सभी दलों को तकनीकी जांच का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर भी मिला। प्रशासन का कहना है कि चुनाव से जुड़ी हर प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा किया जा रहा है।अतिरिक्त उपायुक्त ने आगे बताया कि 9 मई को चम्बा, चुवाड़ी एवं डलहौज़ी नगर निकाय चुनाव क्षेत्रों के लिए सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया जाएगा। मशीनों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अनियमितता की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।जिला प्रशासन द्वारा की गई इस तैयारी को चुनावों के सफल संचालन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।
