जिला चंबा के गांव बेगियाला में वीर शहीद सिपाही तिलक राज को श्रद्धांजलि

चम्बा 11 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के गांव बेगियाला में आज वीर शहीद सिपाही तिलक राज को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कई ग्रामीणों ने भाग लिया। सेवानिवृत पी ई टी गांधी राम की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित करवाया गया बता दें लगभग पूरे गांव में भावुक माहौल के बीच लोगों ने एक स्वर में अपने इस वीर सपूत को नमन किया, जिसने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।गौरतलब है कि 11 मई 2015 को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहड़ा क्षेत्र में सीआरपीएफ की 90वीं बटालियन की टीम रोड ओपनिंग ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में सहायक उप निरीक्षक अमरनाथ सिंह और सिपाही तिलक राज गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के बावजूद सिपाही तिलक राज ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, लेकिन बाद में उपचार के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त कर ली।शहीद तिलक राज का यह बलिदान देश की सुरक्षा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उनके सर्वोच्च बलिदान को आज भी क्षेत्र के लोग गर्व और सम्मान के साथ याद करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद की वीरता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।ग्रामीणों ने शहीद के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा क्षेत्र इस परिवार के साथ खड़ा है। वक्ताओं ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि वे हमेशा देशवासियों के दिलों में जीवित रहते हैं।इस अवसर पर सभी ने शहीद तिलक राज के दिखाए मार्ग पर चलने और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। उनके बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा।