चंबा में झमाझम बारिश, सभी उपमंडलों में बदला मौसम; प्रशासन ने जारी की सतर्कता सलाह

चंबा में झमाझम बारिश, सभी उपमंडलों में बदला मौसम; प्रशासन ने जारी की सतर्कता सलाह

चंबा 12 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला प्रशासन द्वारा जारी ताजा मौसम रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार सुबह से ही पूरे चंबा जिले में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि जिले के सभी सात उपमंडल—चंबा, डलहौजी, तीसा, सलूणी, भरमौर, पांगी और भटियात—में लगातार वर्षा दर्ज की जा रही है। बारिश की यह स्थिति पूरे जिले में एक समान बनी हुई है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है और मौसम पूरी तरह बदल गया है।लगातार हो रही वर्षा के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, इस बदलते मौसम के साथ कुछ चुनौतियां भी सामने आ रही हैं, खासकर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की आशंका बढ़ गई है।जिला प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

विशेष रूप से उन मार्गों पर यात्रा करने से बचने को कहा गया है, जहां पहले भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रही हैं। संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।वहीं, कृषि क्षेत्र के दृष्टिकोण से यह वर्षा फायदेमंद मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि इस बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे आगामी फसलों की बुवाई और वृद्धि में मदद मिलेगी। हालांकि, अत्यधिक वर्षा की स्थिति में फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी जिले में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!