लोक निर्माण विभाग ने छोटे वाहनों के लिए साच पास मार्ग किया बहाल, पांगी घाटी को मिली बड़ी राहत

चम्बा 12 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा जिला के दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने वाला चम्बा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग इस वर्ष रिकॉर्ड समय में छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। करीब साढ़े 14 हजार फुट की ऊंचाई से गुजरने वाले इस मार्ग को लोक निर्माण विभाग (PWD) ने विपरीत मौसम परिस्थितियों के बावजूद बहाल कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मार्ग के खुलने से पांगी घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि अब उनका जिला मुख्यालय चम्बा से सीधा संपर्क पुनः स्थापित हो गया है।गौरतलब है कि सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। ऐसे में पांगी घाटी के लोगों को चम्बा पहुंचने के लिए वाया जम्मू या कुल्लू होकर करीब 750 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता था।

लेकिन साच पास मार्ग के खुलने से अब यह दूरी घटकर मात्र 172 किलोमीटर रह गई है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।लोक निर्माण विभाग ने मार्ग से बर्फ हटाने के बाद पहले सरकारी वाहनों के माध्यम से ट्रायल रन किया। इस दौरान मार्ग के संकरे और जोखिम भरे हिस्सों को दुरुस्त किया गया ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। सफल ट्रायल के बाद विभाग ने आम वाहनों के लिए भी मार्ग खोलने की अनुमति दे दी है।पिछले वर्ष यह मार्ग 27 मई को खोला गया था, जबकि इस बार इसे उससे पहले ही चालू कर दिया गया है, जो विभाग की तत्परता और कार्यक्षमता को दर्शाता है।

अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस कार्य में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित फील्ड स्टाफ की अहम भूमिका रही। उन्होंने बताया कि लगभग दस मशीनों की मदद से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से पूरा किया गया।इस उपलब्धि से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
